बाराबंकी : बाराबंकी में आग लगने से 75 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इससे किसानों का लाखों रुपये का नुकसान हो गया। सूचना पर पहुंचे राजस्वकर्मियों ने सर्वे करके जानकारी जुटाई। मुआवजे के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यूपी के बाराबंकी में मंगलवार की दोपहर गेहूं की पकी खड़ी फसल में आग लग गई। तेज हवा चलने के कारण देखते ही देखते आग से 75 बीघा फसल जल गई। आग से करीब आठ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना पर पहुंचे राजस्वकर्मियों ने सर्वे करके नुकसान की जानकारी जुटाई है।
घटना रामनगर तहसील क्षेत्र के कुतलूपुर पंचायत के रमवापुर गांव की है। यहां अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में आग लग गई। लपटें देख गांव के लोग खेत की ओर दौड़े। हवा की वजह से देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही समय में गेहूं की पकी खड़ी 75 बीघा फसल जल गई।
आग से मोहम्मद ताहिर, मेराज, रियाज, रफीक, अफसर, अयोध्या प्रसाद, नफीसा, सिम्मी, ननकऊ, जगजीवन, माता प्रसाद, पाले, श्यामसुंदर, मुंशी, सागर, इंसान अली, मोहब्बत, रमापति, रामचंद्र, शोभित, चिरौंजी, अवधराम, केशवराम सहित अन्य किसानों की 75 बीघा फसल जलकर राख हो गई।
किसानों ने आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन तेज हवा के कारण उनका प्रयास सफल नहीं हुआ। कुछ देर बाद सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। उपजिलाधिकारी रामनगर पवन कुमार ने बताया कि राजस्वकर्मियों को मौके पर भेजा गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर किसानों को क्षतिपूर्ति दी जाएगी।











Discussion about this post