मुजफ्फरनगर : मीरपुर थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी रसूलपुर में दबंगों की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही। छेड़छाड़ की घटना के बाद पीड़ित परिवार पर पथराव और गोलीबारी करने वाले आरोपियों ने अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर पुलिस को खुलेआम चेतावनी दी है।
वीडियो में सात युवक खुद को “मोस्ट वांटेड क्रिमिनल” बताते हुए कह रहे हैं कि “पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।“ दावा किया जा रहा है कि ये सभी आरोपी ग्राम प्रधान के संरक्षण में जेल से बाहर हैं और पुलिस के लिए खुली चुनौती बने हुए हैं।
पूरा मामला तीन दिन पहले शुरू हुआ, जब गांव में ग्राम प्रधान के भतीजों ने कुछ युवतियों के साथ छेड़छाड़ की। इस घटना का विरोध करने जब पीड़ित परिवार दबंगों से बात करने पहुंचा तो हालात और बिगड़ गए। दबंगों ने छत पर चढ़कर पीड़ितों पर पथराव शुरू कर दिया और कई राउंड गोलियां चलाकर गांव में दहशत फैला दी। इस हमले का वीडियो भी सामने आया था, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी थी।
मीरपुर पुलिस ने इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ग्राम प्रधान के दबाव और पैसे के लालच में पुलिस ने उल्टा उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया। इतना ही नहीं, पीड़ित पक्ष के सात लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया, जबकि दबंगों में से किसी को अब तक हिरासत में नहीं लिया गया है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता ने दबंगों के हौसले और बुलंद कर दिए।
दबंगों की धमकी भरा वीडियो पुलिस की नरमी का फायदा उठाते हुए दबंगों ने अब एक नया वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इस वीडियो में ग्राम प्रधान के भतीजे और उनके साथी पुलिस को खुली चेतावनी देते दिख रहे हैं। वे कहते हैं कि वे जेल से भागे हुए अपराधी हैं और पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस की एकतरफा कार्रवाई ने उनके साथ अन्याय किया है। पहले उनके साथ छेड़छाड़ और हमला हुआ, फिर उल्टे उनके ही लोगों को जेल भेज दिया गया। दूसरी ओर, दबंग खुले आम घूम रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिए पुलिस को धमकियां दे रहे हैं। तीन दिन पहले वायरल हुए पथराव और गोलीबारी के वीडियो के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे दबंगों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
इस पूरे मामले में सीओ जानसठ यतेंद्रर नागर का कहना है कि वीडियो वॉयरल हुआ है, जिसमें आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। जल्दी ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।











Discussion about this post