नई दिल्ली : उत्तर भारत और उत्तर-पश्चिमी भारत में प्रचंड गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। दिन में तेज झुलसाने वाली धूप और रात में भी गर्मी सोने नहीं दे रही है। गर्मी का अभी से ये हाल है, ऐसे में 25 मई यानी रविवार से नौतपा लगने वाला है। नौतपा में गर्मी से क्या हाल होता है, यह पिछले साल आप देख ही चुके हैं। दिल्ली-एनसीआर भट्टी की तरह हो गया था और दिल्ली के मुंगेशपुर में पारा सारी हदें पार करता हुआ 52.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हालांकि, दक्षिण भारत और दक्षिण-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में लगातार प्री-मानसून बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4-5 दिनों में मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन जाएंगी। यानी मानसून की फुहारें भारत के मेन लैंड को सराबोर करने लगेंगी।
दिल्ली में आज आया नगर में सबसे ज्यादा 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। प्रचंड गर्मी का आलम ये है कि पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश का बांदा देश में सबसे गर्म स्थान रहा है। यहां पारा 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कल यानी सोमवार 17 मई को राजस्थान के पिलानी में भी तापमान 46.4 डिग्री और और चुरू में 46 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान के कुछ इलाकों में लोग लू की थपेड़ों से हलकान रहे। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिमी बिहार में गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। पिछले 24 घंटे में अंदरूनी महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर के राज्य और दक्षिण प्रायद्वीप भारत में बारिश देखने को मिली।
आज भी कर्नाटक, कोंकण, गोवा और केरल में बारिश का दौर जारी है। पश्चिमी तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार यहां 24 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा बारिश के दौर को देखते हुए अगले 4-5 दिन में मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो जाएंगी। आज उत्तर-पूर्वी भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ इलाकों में गरज, बिजली चमकने के साथ ही भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में पिछले 24 घंटे में हीटवेट देखने को मिली है और 22 मई तक ऐसी ही परिस्थितियां बनी रहने का अनुमान है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में थंडरस्टॉर्म, बिजली चमकने और धूल-भरी आंधी का असर आज भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने कर्नाटक के साथ ही कोंकण क्षेत्र और गोवा के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा के लिए भी बारिश की ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा में गरज से साथ वज्रपात, ओलावृष्टि और तेज हवा के साथ ही कई जगहों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिमी राजस्थान में कल यानी बुधवार 21 मई को भी हीट वेव की चेतावनी जारी रहेगी। इसके अलावा हरियाणा के कुछ इलाकों में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम सामान्य बना रहेगा, यहां के लिए कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
दिल्ली में कल यानी बुधवार 21 मई को ज्यादातर समय आसमान में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं पर हल्की से कुछ ज्यादा बारिश हो सकती है। इसके अलावा थंडरस्टॉर्म, बिजली चमकने और 30-40 की स्पीड से धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान है।











Discussion about this post