उत्तर प्रदेश। बदायूं में एक तेज रफ्तार कार जिला पंचायत के बोर्ड से टकरा गई, जिससे उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक की हालत गंभीर है। उसे बरेली रेफर कर दिया गया है। चारों युवक अपने एक लेखपाल दोस्त का जन्मदिन मनाकर कार से लौट रहे थे। हादसा सोमवार रात करीब एक बजे बाईपास पर एआरटीओ कार्यालय के पास हुआ। तीनों युवकों की मौत के बाद उनके परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मोहल्ला कल्याण नगर निवासी हर्षित सक्सेना उर्फ राजा (23) पुत्र मुन्ना बाबू सक्सेना संभल के गुन्नौर में लेखपाल के पद पर तैनात थे। सोमवार को उनका जन्मदिन था। वह अपने दोस्त दहेमी निवासी रुबल (22) पुत्र यशपाल सिंह, माल गोदाम रोड निवासी हर्षित गुप्ता (26 )पुत्र मनोरंजन लाल गुप्ता, कल्याण नगर निवासी अंकित (24) पुत्र संजीव कुमार के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने किसी रेस्टोरेंट में गए थे।
जन्मदिन पार्टी के बाद रात करीब एक बजे कार में सवार होकर चारों लोग उझानी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार एआरटीओ कार्यालय से निकली कि कार अनियंत्रित होकर बाइपास पर लगे जिला पंचायत के बोर्ड से टकरा गई। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। चारों युवक सड़क पर खून से लथपथ होकर जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां लेखपाल हर्षित सक्सेना, रूबल एवं हर्षित गुप्ता को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी रोते बिलखते मडिकल कॉलेज पहुंच गए। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











Discussion about this post