अग्रवाल मंडी टटीरी। दिल्ली शामली रेलमार्ग पर इंस्टाग्राम की रील बना रहा मूकबधिर मजदूर गूंगा (30) ट्रेन चपेट में आ गया। ट्रेन से कटने से उसकी मौत हो गई। पता चलने पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव और मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ब्राह्मण पुट्ठी गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गांव के किसान हरीराज भाटी के यहां रहकर एक मजदूर पिछले दस साल से मजदूरी कर रहा था, जो मूकबधिर था। मजदूर बोल और सुन भी नहीं पाता था, इसलिए ग्रामीण उसे गूंगा-बहरा कहकर बुलाते थे। बताया कि सोमवार की सुबह गूंगा रेलवे ट्रैक पर जाकर इंस्टाग्राम की रील बनाने लगा, तभी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
इसका पता चलने पर काफी संख्या में ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। बताया कि मृतक गूंगा इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करता रहता था। घटना के जांचकर्ता ने बताया कि मृतक का नाम गूंगा बताया जा रहा है, जो अक्सर रील बनाने के लिए रेलवे ट्रैक पर जाता रहता था। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतका का मोबाइल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
विद्याराम भाटी ने बताया कि करीब दस साल पहले वे दिल्ली गए थे, वहां पर मूकबधिर युवक उन्हें मिल गया और इशारों में काम दिलाने की गुहार लगाने लगा। इसके बाद वे गूंगे को लेकर ब्राह्मण पुट्ठी आ गए, जो उनके घर में रहकर मजदूरी करता था। अक्सर वह मोबाइल में व्यस्त रहता था और मांगने पर भी दूसरे व्यक्ति को अपना मोबाइल नहीं देता था।
जीआरपी थाना प्रभारी उधम सिंह तालान ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर जरा सी लापरवाही से जान चली जाती है। अक्सर देखने में आता है कि कुछ युवक युवतियां रेलवे ट्रैक पर चलते है और गाने सुनने के लिए कानों में लीड भी लगा लेते हैं। ऐसे में पीछे से आने वाली ट्रेन का पता नहीं चलता और उसकी चपेट में आने से हादसे हो जाते हैं। इसके अलावा रेलवे ट्रैक रील बनाने के चक्कर में भी कई बार हादसे हो जाते है। रेलवे ट्रैक पर चलते समय मोबाइल चलाना जानलेवा है, युवाओं को इससे बचना चाहिए।











Discussion about this post