बागपत। मंगलवार को मवीकला गांव में कश्यप बस्ती के पास देशी शराब के ठेके के विरोध में ग्रामीण उतर आए। उन्होंने बैठक कर मांग की कि शराब की दुकान को रिहायशी इलाके से हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे डीएम से शिकायत करेंगे और धरना देंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल हंगामा प्रदर्शन कर शराब का ठेका आबादी से बाहर कराया गया था। अब नए सत्र के लिए देशी शराब का ठेका छोड़ा गया है। इसके लिए संचालक कश्यप बस्ती के पास दुकान का निर्माण करा रहा है। आबादी के बीच शराब का ठेका होने से महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मंगलवार को हुई बैठक में पूर्व प्रधान संजय चौधरी ने कहा कि शराब पीकर अक्सर लोग हंगामा करते हैं और वहां से गुजरने वाली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ भी करते हैं।
बैठक में शराब का ठेका आबादी से बाहर खुलवाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने आबादी से 500 मीटर दूर ठेका बनवाने की मांग की। मांग करने वालों में देवेंद्र, बाबूराम, संतोष, सावित्री, रेखा, मुनेश, बबीता, अमित, नीरज समेत अन्य मौजूद रहे।
वर्जन-आबादी से बाहर ठेका होने पर चोरी, लूटपाट, अराजक तत्वों का जमावड़ा होने के अलावा अन्य घटनाएं बढ़ेंगी। गांव में गुटबाजी के चलते विवाद हो रहा है। नियमानुसार शिकायत का समाधान कराया जाएगा। – नवीन कुमार, जिला आबकारी अधिकारी











Discussion about this post