मुरादाबाद। मंडलायुक्त द्वारा कराए गए सैंपल सर्वे में फर्जी राशन कार्डधारियों के मामले सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने पूरे जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। मुरादाबाद की सभी चार तहसीलों और नगरीय क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत नायब तहसीलदार, लेखपाल और आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों की तीन-तीन सदस्यीय जांच टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे राशन कार्डधारियों की पात्रता की गहराई से जांच करें।
मंडल स्तर पर कराई गई प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मंडल भर में एक हजार से अधिक अपात्र व्यक्ति राशन कार्डधारी के रूप में सूचीबद्ध हैं। इस रिपोर्ट के बाद सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में अपात्र कार्डधारियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करें।
मुरादाबाद जनपद में वर्तमान में कुल 1200 राशन की दुकानों पर साढ़े पांच लाख से अधिक अंत्योदय और पात्र गृहस्थी उपभोक्ता सूचीबद्ध हैं। अब प्रशासन का उद्देश्य है कि अपात्र लाभार्थियों की छंटनी कर केवल वास्तव में जरूरतमंद लोगों को ही राशन योजना का लाभ प्रदान किया जाए।











Discussion about this post