मुजफ्फरनगर। परिवहन निगम की इलेक्टि्रक रोडवेज बसों के संचालन से पहले उनकी सुविधाओं के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। नगर में रोडवेज बस अड्डे पर उन्हें चार्ज करने के लिए चार्जिंग प्वाइंट का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
प्रदूषण कम करने के लिए सरकार इलेक्टि्रक रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराने जा रही है। यह बसें दिल्ली से देहरादून तक चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी व आनंद विहार रोडवेज बस अड्डे से भी इलेक्टि्रक बसों का चलाना प्रस्तावित है। लंबी दूरी पर बसों के चलाने के कारण उनकी चार्जिंग व्यवस्था के मद्देनजर मुजफ्फरनगर डिपो की वर्कशॉप में चार्जिंग प्वाइंट बनाया गया है। इसके लिए नया ट्रांसफार्मर रखा गया है। भवन बनाकर वहां मशीनों को लगाया गया है। भवन बनाने व चार्जिंग प्वाइंट बनाने वाली कार्रवाई संस्था के कर्मचारियों ने बुधवार को पहुंच कर निरीक्षण भी किया।
परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा का कहना है कि यहां जल्द ही यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी। जल्द ही इलेक्टि्रक बसों का संचालन भी दिल्ली से शुरू होगा। सभी बसें वाया मुजफ्फरनगर होकर जाएंगी, इसलिए उन्हें चार्ज करने की व्यवस्था यहां बनाई गई है।
यातायात पुलिस ने हटवाया अतिक्रमण-
मुजफ्फरनगर। त्योहारी सीजन में नगर में जाम न लगे इसके लिए यातायात पुलिस ने नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 55 वाहन चालकों के चालान भी किए। नगर के मुख्य बाजार दाल मंडी, लोहा मंडी एवं आलू मंडी के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस व शहर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए व्यापारियों से दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करने की अपील की। कहा गया कि त्योहारों का समय है। बाजारों में भीड़ हो रही है। अतिक्रमण कर सड़क को बाधित ना करें। एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे ने कहा कि नगर में सभी चौराहों पर पुलिस को तैनात किया गया है।










Discussion about this post