मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या, दुष्कर्म और धोखाधड़ी के आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मंडवाड़ा गांव में किन्नर मुस्कान की हत्या के मामले में चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य मामलों में नाबालिग से दुष्कर्म और विधवा महिला से दुष्कर्म कर उसका गर्भपात कराने के आरोपियों को भी पकड़ा गया।
बुढ़ाना के गांव मंदवाडा निवासी इरशाद, जिसने सात वर्ष पूर्व किन्नर समुदाय को अपनाकर मुस्कान नाम रख लिया था, का अपने भाइयों से लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह इसी विवाद में भाइयों अहसान, शमशेर और गुलशेर के साथ उसकी कहासुनी और मारपीट हुई। ईंट-पत्थर चलने से गंभीर रूप से घायल मुस्कान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। भाई अलीशेर की तहरीर पर अहसान, शमशेर, जीनत और शबनम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने चारों को मंदवाड़ा मार्ग से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र के अनुसार, सभी को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एक अन्य मामले में, गांव बिटावदा निवासी सुमित पुत्र ऋषिपाल को नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार को आरोपी को नदी पुल पार से पकड़ा गया। सुमित पर पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
तीसरे मामले में एक विधवा महिला ने चंदहेड़ी रोड निवासी आमिर पुत्र नौशाद पर छह साल तक निकाह का झांसा देकर दुष्कर्म करने और जबरन कई बार गर्भपात कराने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि 12 मई 2025 को भी आमिर उसे शाहपुर के एक होटल में ले गया और जबरन दुष्कर्म किया। उसने मृतक पति के मुआवजे की रकम, मोबाइल और महंगे उपहार भी ठग लिए। आमिर, उसका पिता नौशाद और भाई शोएब जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आमिर को कांधला मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।










Discussion about this post