शामली। विकासखंड शामली के अंतर्गत ग्राम पंचायत फतेहपुर में आयोजित ग्राम चौपाल में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कई जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। चौपाल स्थल पर पहुंचने पर जिलाधिकारी को कार्यक्रम का समुचित आयोजन नहीं मिला और आवश्यक दस्तावेज जैसे गांव की विकास पुस्तिका भी अनुपलब्ध पाए गए। इस पर उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी शामली और एडीओ पंचायत को कड़ी फटकार लगाते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
इतना ही नहीं, ग्राम सचिव की लापरवाही को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित (सस्पेंड) करने के निर्देश भी जारी किए। चौपाल में सीडीपीओ, एबीएसए और आपूर्ति विभाग के किसी भी अधिकारी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उनके वेतन रोकने के भी आदेश दिए गए।
चौपाल के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष पेंशन, आवास, राशन कार्ड जैसी महत्वपूर्ण समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, जिला विकास अधिकारी सत्य राम यादव, खण्ड विकास अधिकारी शामली, एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











Discussion about this post