शामली। हाईवे पर धागा व्यापारी के मुनीम से 32 लाख की लूट के मामले में शामली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो बदमाशों को घायल करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने लूटी गई रकम में से 10 लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार और दो तमंचे बरामद किए हैं। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके अन्य साथी अभी भी फरार हैं। करीब छह दिन पूर्व सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे स्थित बलवा गांव के पास फ्लाईओवर के निकट धागा व्यापारी के मुनीम अनिल और ड्राइवर सतनाम के साथ फिल्मी स्टाइल में लूट की वारदात हुई थी।
पानीपत निवासी व्यापारी के कर्मचारी मेरठ से कैश लेकर लौट रहे थे, तभी बुलेरो और वैगनआर सवार बदमाशों ने खुद को GST अधिकारी बताकर उन्हें रोक लिया। बुलेरो पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था, जिससे बदमाशों की बातों पर भरोसा हो गया और उन्होंने 32 लाख की रकम लूट ली।
घटना के बाद से ही पुलिस ने डीआईजी सहारनपुर अभिषेक कुमार के निर्देशन और एसपी शामली रामसेवक गौतम की अगुवाई में ऑपरेशन शुरू किया। कई टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश की जा रही थी। रविवार शाम सूचना मिली कि कैराना थाना क्षेत्र के टपराना बाईपास के पास हाईवे पर दो संदिग्ध बदमाश मौजूद हैं।
पुलिस और एसओजी टीम ने तत्काल घेराबंदी की, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान शुभम उर्फ गौरव और मोहित निवासी बेहड़ा चादीनगर, जनपद बागपत के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे फाइनेंस कंपनी में वाहन रिकवरी एजेंट हैं और इस वारदात को अपने अन्य साथियों के साथ अंजाम दिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 लाख कैश, लूट में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार, दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायलों को सदर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब इनके फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। एसपी शामली ने कहा कि लूट में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











Discussion about this post