मोरना। भोपा थाना क्षेत्र के गांव भोपा में रविवार को मोबाइल फोन पर एक दूसरे को गाली देने के बाद दो गांवों के युवकों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पटोली और भोपा गांव के युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक युवक घायल हो गया जबकि अन्य को भी चोटें आईं। पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
पटोली निवासी तमरेज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि भोपा गांव के एक युवक ने उसके भाई सोनिब को रविवार दोपहर फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। तमरेज का आरोप है कि वह देर शाम अपने भाई और एक अन्य साथी के साथ बातचीत के लिए आरोपी के पिता की दुकान पर गया था। तभी आरोपी युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर तीनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में तमरेज गंभीर रूप से घायल हुआ और उसके भाई को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद झगड़ा शांत हुआ।
वहीं, दूसरी ओर दूसरे पक्ष की ओर से भी तहरीर दी गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि तमरेज अपने साथियों के साथ उनके घर में जबरन घुसा और उसके पुत्र राजा के साथ मारपीट की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।










Discussion about this post