शामली। शहर के प्रमुख मोबाइल फोन व्यवसायी सुमित बंसल को 20 लाख रुपये की रंगदारी देने की धमकी मिली है। व्यापारी की दुकान में सोमवार सुबह एक टाइप की हुई चिट्ठी मिली, जिसमें साफ शब्दों में लिखा गया है कि यदि रकम का इंतज़ाम नहीं किया गया और पुलिस को जानकारी दी गई, तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
मोहल्ला ब्राह्मणान निवासी सुमित बंसल अपने भाई दीपक बंसल के साथ फव्वारा चौक पर मोबाइल फोन की दुकान चलाते हैं। प्रतिदिन की तरह जब सोमवार सुबह सुमित ने दुकान खोली, तो अंदर एक संदिग्ध चिट्ठी पड़ी मिली।
इस चिट्ठी में लिखा था 20 लाख रुपये तैयार रखो, अगर अपनी और बच्चों की जान प्यारी है। रकम कब और कहां देनी है, ये अगली चिट्ठी में बताया जाएगा। अगर पुलिस को बताया तो अंजाम भुगतने को तैयार रहना।
चिट्ठी पर किसी का नाम नहीं था, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इसे किसने लिखा है। व्यापारी सुमित बंसल ने बिना देर किए इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर सीओ सिटी अमरदीप मौर्य और कोतवाली पुलिस टीम पहुंची और दुकान की तलाशी ली। पुलिस ने घटनास्थल से चिट्ठी कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दी है। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के इलाकों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है और हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही रंगदारी मांगने वाले शख्स का खुलासा कर लिया जाएगा। व्यापारी और उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।










Discussion about this post