शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झिंझाना थाना क्षेत्र के ऊन रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, चोरी किया गया तांबे का तार और एक पोलो कार बरामद की है, जिसका इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में किया जाता था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी झिंझाना थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल से तांबे का तार चोरी की घटनाओं में वांछित थे और काफी समय से फरार चल रहे थे।
सीओ कैराना ने बताया कि पुलिस ऊन रोड पर चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध पोलो कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार में सवार दो युवक उतरकर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश को गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान इस्लाम पुत्र नसीर निवासी गांव बल्ला माजरा के रूप में हुई है, जबकि दूसरे बदमाश का नाम इरफान निवासी थाना आदर्श मंडी क्षेत्र है।
दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य आपराधिक गतिविधियों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।











Discussion about this post