मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर शहर के भोपा रोड स्थित अग्रवाल डुप्लेक्स बोर्ड मिल लिमिटेड के खिलाफ रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने फैक्ट्री के सामने जोरदार प्रदर्शन कर अपना गुस्सा जाहिर किया। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण का मुख्य कारण यही है।
प्रदर्शन में शामिल बीजेपी नेता जोगिंद्र वर्मा ने बताया कि पेपर मिल से निकलने वाली काली राख ने आसपास की कॉलोनियों और गांवों में रहने वालों का जीना दुश्वार कर दिया है। उन्होंने कहा कि, “खाना खाने बैठो तो राख गिरती है, कपड़े सुखाने तक की जगह नहीं बची। कई लोगों की आंखों की रोशनी तक चली गई है।“ वर्मा ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि नगर पालिका की सीमा में आने वाली इस फैक्ट्री को तुरंत स्थानांतरित किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान माहौल गरमा गया और फैक्ट्री प्रबंधन के लोगों के साथ जोगिंद्र वर्मा की तीखी नोकझोंक हुई। मामला बढ़ता देख नई मंडी कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार बघेल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदूषण विभाग के कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और सारी शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
स्थानीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी गीतेश चंद्रा ने बताया कि उन्हें इस मामले की शिकायत हाल ही में मिली है। उन्होंने दावा किया कि एक जांच टीम मौके पर भेजी गई है और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ये महज खानापूर्ति है और पहले भी ऐसी बातें हो चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
आपको बता दें कि ये पेपर मिल पूर्व चेयरमैन अंजू अग्रवाल के बेटे अभिषेक अग्रवाल के स्वामित्व वाली है, जिसमें राकेश बिंदल भी पार्टनर हैं।










Discussion about this post