मुजफ्फरनगर। क्रिसमस और नए साल के त्यौहारों को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। इसी कड़ी में शनिवार रात पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर अचानक एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों के भीतर संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की गहन तलाशी ली गई।
ID कार्ड और सामान की हुई जाँच-
अभियान के दौरान पुलिस बल ने स्टेशन पर मौजूद लोगों के आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों का भौतिक सत्यापन किया। संदिग्ध पाए गए लोगों से कड़ी पूछताछ की गई और उनके सामान को मेटल डिटेक्टर व अन्य उपकरणों से चेक किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बढ़ती ठंड और कोहरे का लाभ उठाकर अपराधी या असामाजिक तत्व किसी अप्रिय घटना को अंजाम न दे सकें, इसके लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
त्यौहारों को लेकर ‘हाई अलर्ट’-
सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि रात के समय अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा, “25 दिसंबर (क्रिसमस) और आगामी नए साल के उपलक्ष्य में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। प्लेटफॉर्म और आसपास के क्षेत्रों में हर आने-जाने वाले का सत्यापन किया जा रहा है। संदिग्धों की आईडी जांची जा रही है और संतुष्ट होने के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जा रहा है।”
जारी रहेगा अभियान-
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह चेकिंग अभियान केवल रेलवे स्टेशन तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में बस अड्डों, मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर भी इसी तरह की आकस्मिक चेकिंग जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल डॉयल-112 या स्थानीय पुलिस को दें।










Discussion about this post