पठानकोट। पाकिस्तान एक बार फिर नए साल के अवसर पर पंजाब और जम्मू-कश्मीर में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। खुफिया एजेंसियों (IB) से मिले इनपुट के बाद पंजाब पुलिस और सुरक्षा बलों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने गंदला लाहड़ी क्षेत्र से आतंकियों के संदिग्ध मददगार बिल्लू गुज्जर को हिरासत में लिया है, जबकि उसका साथी नजाकत हुसैन फिलहाल फरार है।
पठानकोट एयरबेस और रेलवे स्टेशन निशाने पर-
एसएसपी दलजिंदर सिंह के अनुसार, पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठन पठानकोट एयरबेस, रेलवे स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों पर आत्मघाती हमले की साजिश रच रहे हैं। खुफिया इनपुट बताते हैं कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड पाकिस्तानी नागरिक मुजफ्फर अहमद है, जो सरहद पार से आतंकी नेटवर्क का संचालन कर रहा है।
25 से 31 दिसंबर के बीच हमले का अलर्ट-
सुरक्षा एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार, आतंकी 25 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच घुसपैठ कर हमला कर सकते हैं। पकड़े गए संदिग्धों और सीमा पार बैठे आकाओं के बीच बातचीत के लिए ‘वर्चुअल नंबरों’ का इस्तेमाल किया गया है, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ से बचा जा सके।
दो बड़े इनपुट ने उड़ाई नींद-
घुसपैठ की कोशिश: 17-18 दिसंबर की रात तीन आतंकियों के बिल्लू गुज्जर और नजाकत की मदद से सीमा पार करने की सूचना थी। इनका मुख्य उद्देश्य एयरबेस और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना है।
स्लीपर सेल सक्रिय: एक अन्य इनपुट में खुलासा हुआ है कि पठानकोट की एक धर्मशाला में कुछ स्लीपर सेल ठहरे हुए हैं, जो महत्वपूर्ण ठिकानों की रेकी कर रहे हैं।
सेना और कमांडो तैनात-
खतरे को देखते हुए पठानकोट जिले में पुलिस, भारतीय सेना और विशेष कमांडो की भारी तैनाती कर दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और धर्मशालाओं व होटलों की सघन चेकिंग की जा रही है। एसएसपी ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।











Discussion about this post