नई दिल्ली : कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने हाल ही में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस पर सवाल उठाए थे। शमा ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच के बाद रोहित को मोटा कहा था। रोहित को मोटा कहने पर काफी बवाल मचा हुआ है। वहीं, अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने रोहित को मोटा कहने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कांग्रेस प्रवक्ता को फटकार लगाई है। उन्होंने इसे घटिया बयान करार देते हुए कहा कि राष्ट्रीय हित की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। रोहित ब्रिगेड का सेमीफाइनल मुकाबला मंगलवार को दुबई में ऑस्ट्रेलिया से होगा।
सैकिया ने सोमवार को पीटीआई से कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक जिम्मेदार व्यक्ति ऐसा घटिया बयान दे रहा है, जब टीम इतना महत्वपूर्ण आईसीसी टूर्नामेंट खेल रही है। इससे व्यक्ति या टीम का मनोबल गिर सकता है।” उन्होंने कहा, “सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं और नतीजे सामने हैं।” उम्मीद है कि लोग प्रचार के लिए राष्ट्रहित को ताक पर रखकर इस तरह के घटिया बयान देने से बचेंगे।”
आपको बता दें कि डॉ. शमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में कहा था कि रोहित खिलाड़ी होने के नाते मोटे हैं। उन्होंने यह भी कहा, “रोहित को अपना वजन कम करने की जरूरत है! … और निश्चित रूप से वह भारत के अब तक के सबसे अप्रभावी कप्तान हैं।” हालांकि, हंगामे के बाद शमा ने अपनी पोस्ट हटा दी। कांग्रेस ने रोहित पर शमा की टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया। कांग्रेस ने माना कि प्रवक्ता ने मर्यादा का उल्लंघन किया है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक बयान में कहा, “कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने क्रिकेट के दिग्गज के बारे में कुछ ऐसी टिप्पणियां की हैं जो पार्टी के विचार को नहीं दर्शाती हैं। उन्हें सोशल मीडिया से पोस्ट हटाने के लिए कहा गया है और भविष्य में ऐसा कोई भी बयान देने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खेल के दिग्गजों के योगदान का सर्वोच्च सम्मान करती है और उनकी विरासत को कमजोर करने वाले किसी भी बयान का समर्थन नहीं करती है।











Discussion about this post