नई दिल्ली। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की 4 सेमीफाइनलिस्ट टीमें तय हो गई हैं। 4 मार्च को होने वाले पहले सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। यह मुकाबला दुबई में खेला जाएगा।
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में 5 मार्च को साउथ अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह भिड़ंत पाकिस्तान के लाहौर में होगी। इससे पहले पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने बताया है कि कौन सी 2 टीमें फाइनल में जगह बना सकती हैं। एबी डिविलियर्स का मानना है कि पहला सेमीफाइनल भारत और दूसरा सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका जीतेगा।
ऐसे में 9 मार्च को होने वाले फाइनल में ये दोनों टीमें भिड़ेंगी। टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल भी भारत और साउथ अफ्रीका के बीच ही खेला गया था। तब भारत ने प्रोटियाज टीम को रौंदकर ट्रॉफी पर कब्जा किया था। भारत और साउथ अफ्रीका अब तक टूर्नामेंट में अपराजित हैं। भारत ने जहां तीनों ग्रुप मैच जीते, वहीं साउथ अफ्रीका ने 2 मैच जीते। साथ ही एक मैच बारिश के कारण धुल गया था।
एबी डिविलियर्स ने भविष्यवाणी की है कि पिछले आईसीसी इवेंट की तरह इस बार भी खिताबी भिड़ंत भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगी। उन्होंने कहा, “चैंपियंस ट्रॉफी के दो फाइनलिस्ट का नाम बताना मुश्किल है, लेकिन मेरी अंतरात्मा कहती है कि भारत-दक्षिण अफ्रीका। यह टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल जैसा होगा। मुझे लगता है कि हम इसे फिर से होते हुए देख सकते हैं। मुझे लगता है कि फाइनल में हमारा सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। इंग्लैंड के खिलाफ जीत से दक्षिण अफ्रीका को काफी आत्मविश्वास मिला होगा।”
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला फाइनल हमेशा शानदार होता है। आप न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी दो शक्तिशाली टीमों को निश्चित रूप से नजरअंदाज नहीं कर सकते। आईसीसी ट्रॉफी की बात करें तो ऑस्ट्रेलियाई टीम मजबूत बनी हुई है। दक्षिण अफ्रीका सिर्फ एक बार चैंपियंस ट्रॉफी (1998) के फाइनल में पहुंचा है।











Discussion about this post