कैराना। बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने मामौर के जंगल में हरियाणा के किसान की हत्या के आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट और एनएसए लगाने की मांग को लेकर 27 जून को मामौर में हिंदुओं की महापंचायत का ऐलान किया था। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मामौर गांव को छावनी में तब्दील कर दिया था। लेकिन शाम तक भी मामौर में किसी के न पहुंचने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
16 जून की सुबह मामौर के जंगल में हरियाणा के जनपद पानीपत के थाना सनौली के गांव कुराड़ निवासी किसान देवेंद्र देशवाल की चाकू घोंप कर व गोली मार कर हत्या कर दी थी। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में पुलिस तीन आरोपियों को जेल भेज चुकी है। वही हत्या के तीन दिन बाद बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने देवेंद्र देशवाल की हत्या के मामले में हत्यारोपियों पर गैंगस्टर व रासुका लगाने की मांग करने के साथ ही 27 जून को मामौर में महापंचायत करने का ऐलान किया था।
हालांकि अगले दिन एसपी के कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद यशवीर महाराज ने महापंचायत की घोषणा का वापस ले लिया था। इसके बावजूद शुक्रवार को गांव मामौर छावनी बना रहा। लेकिन शाम तक भी यशवीर महाराज के नही आने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामौर में सुरक्षा के लिए चार इंस्पेक्टर, 30 सब इंस्पेक्टर व काफी संख्या में कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई थी।
11 दिन पहले हरियाणा के किसान देवेंद्र देशवाल की हत्या के मामले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने हत्यारोपियों पर रासुका लगाने की मांग करते हुए ज्ञापन दिया।
बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष प्रदीप गोयल के नेतृत्व में नगर के करीब 20 व्यापारियों ने किला गेट चौकी पर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह को एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन में अवगत कराया कि 16 जून को हरियाणा के किसान देवेंद्र देशवाल की हत्या कर दी गई। जिससे समाज में रोष उत्पन्न हो रहा है। हत्यारे फिर जमानत पर बाहर आकर अपराध करेंगे। ज्ञापन में मांग की गई की हत्या आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कोतवाल ने व्यापारियों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अनुज मित्तल, संदीप शर्मा, संजय राजवंशी, भानु प्रसाद, मनोज जैन आदि मौजूद रहे।











Discussion about this post