झिंझाना। कस्बे के मोहल्ला तलाही में बकाया बिल वसूलने गई ऊर्जा निगम की टीम के साथ लोगों ने मारपीट कर दी। लाइनमैन व अन्य लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। किसी तरह टीम ने भागकर जान बचाई। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह टीम की जान बचाई। ऊर्जा निगम की टीम ने चार लोगों को नामजद करते हुए मामले में पुलिस को तहरीर दी।
शुक्रवार को विद्युत निगम के अवर अभियंता सुरजीत कुमार द्वारा पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि संविदाकर्मी लाइनमैन सुधीर, इस्लाम, अमित, मेहराण, संजय उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार संयोजन विच्छेदन व राजस्व वसूली हेतु उपभोक्ता अजय पंवार निवासी मोहल्ला तलाही के यहां पहुंचे। उपभोक्ता अजय पंवार के यहां मोहित पंवार से बिल जमा कराने के लिए कहा गया, लेकिन मोहित द्वारा विरोध करते हुए संयोजन विच्छेदन नहीं करने दिया।इसी बीच मोहित के यहां किराएदार रह रहे बिल्लू राणा, वंश, आकाश निवासी मोहल्ला सैदमीर द्वारा संविदाकर्मी लाइनमैन सुधीर के साथ मारपीट करते हुए सुधीर के हाथ में से सरकारी दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए। लाइनमैन और अन्य को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। फिर से आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मारपीट में सुधीर घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सरकारी कार्य में भी लोगों ने बाधा डाली।
एएसपी संतोष कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
उधर, लोगों का कहना है कि बकाया बिल के नाम पर ऊर्जा निगम की टीम वसूली कर रही है। जिसका लोग विरोध करते हैं तो उन पर मुकदमा दर्ज करा दिया जाता है। मामले को लेकर एसपी और जिलाधिकारी से मिलेंगे।











Discussion about this post