उत्तर प्रदेश की पुलिस जल्द ही आतंकी फंडिंग पर लगाम लगाने के गुर सीखेगी। मुंबई आतंकी हमले के बाद गठित नेशनल काउंटर टेररिज्म सेंटर के अनुरोध पर गृह मंत्रालय गाजियाबाद स्थित ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (बीपीआरएंडडी) के सीडीटीआई सेंटर में इसका बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस कोर्स कराएगा। इसके लिए एडिशनल एसपी से लेकर सिपाही तक के नामांकन मांगे गए हैं।
ये कोर्स 8 सितंबर से 5 दिसंबर तक संचालित होंगे। इससे पुलिस को आतंकियों की धरपकड़ के बाद फाइनेंशियल ट्रेल का पता लगा उनके मददगारों पर भी कानूनी शिकंजा कसने में आसानी होगी। इस बाबत पुलिस मुख्यालय में डीआईजी प्रशिक्षण राम सिंह यादव ने पुलिस की सभी शाखाओं के प्रमुखों, एडीजी जोन, पुलिस कमिश्नर आदि को पत्र भेजकर एडिशनल एसपी से लेकर सिपाहियों तक के नामांकन 10 अगस्त तक मुहैया कराने को कहा है।
पत्र के मुताबिक इंवेस्टिगेशन ऑफ टेरर फंडिंग के तीनों कोर्स के तहत वर्चुअल डाटा एसेट्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक कोर्स के लिए 40 कर्मियों का चयन किया जाना है, जिसमें सिपाही, मुख्य आरक्षी, सब इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर, डिप्टी एसपी और एडिशनल एसपी रैंक के अफसर शामिल होंगे।











Discussion about this post