मेरठ। सरधना पुलिस ने मॉर्निंग वॉक पर जाने वाली महिलाओं से जेवर लूटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ में गिरोह के एक सदस्य शाहनवाज निवासी तिलपानी थाना सिंघावली अहीर जिला बागपत को गिरफ्तार किया है, बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने जेवर बेचने वाले दंपती नौशाद और उसकी पत्नी नौशावा निवासी तिलपानी को भी गिरफ्तार किया है।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस गैंग ने मेरठ के अलावा बागपत और मुजफ्फरनगर जिलों में भी सुबह के समय महिलाओं से जेवरात लूटने की कई घटनाएं की हैं। 18 अप्रैल को नानू गांव निवासी तपेश्वर त्यागी ने सरधना थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था कि उसकी पत्नी और अन्य महिलाएं सुबह मॉर्निंग वॉक पर घूमने गई थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर महिलाओं से जेवरात लूट लिए।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा की फुटेज और सर्विलांस की मदद से गैंग में शामिल मुख्य आरोपी शाहनवाज को रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान शामली लोड नानू नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। उसके पास से तमंचा और जेवरात बरामद हुए हैं।
पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने बताया कि कि उसने अपने चाचा दिलशाद और चचेरे भाई मुनाजिर के साथ मिलकर लूट की घटनाएं की हैं। बताया कि मॉर्निंग वॉक करते समय महिलाओं को तमंचा दिखाकर जेवरात लूट लेते थे और गहनों को आपस में बांट लेते थे। जेवरात को मेरठ के सुनार को नौशाद और उसकी पत्नी बेचती थी। पुलिस गैंग में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में लगी है।











Discussion about this post