मुज़फ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन तोमर के युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रोहाना बिजली घर के अंतर्गत आने वाले गांव सैदपुर की महिला शब्बीरी पिछले चार-पांच महीने से अपने खेत पर ट्यूबवेल का कनेक्शन लेने के लिए विद्युत विभाग के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसे कनेक्शन नहीं मिला है।
अंकित गुर्जर ने आरोप लगाया कि रोहाना बिजली घर के जूनियर इंजीनियर (JE) और एसडीओ ने शब्बीरी से एक लाख रुपये रिश्वत मांगी है, जबकि नवाब नामक व्यक्ति को ऑनलाइन कनेक्शन दे दिया गया है। बताया गया कि उस ट्रांसफार्मर पर पहले से ही चार-पांच कनेक्शन ओवरलोड चल रहे हैं, बावजूद इसके नवाब को कनेक्शन दिया गया। शब्बीरी की फसल तेज गर्मी के कारण खराब होने की कगार पर है। वह विधवा है और उसके घर में कमाने वाला कोई नहीं है।
किसान यूनियन ने प्रकरण की जांच कराने और शीघ्र ट्यूबवेल का कनेक्शन दिलाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दस दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान एसडीओ ऑफिस के बाहर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना देंगे, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जब जिलाधिकारी कार्यालय में भीड़ होने के कारण युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर बाहर बैठ गए, तो जिलाधिकारी खुद बाहर आए और किसानों से सीधे बातचीत कर समस्या सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।











Discussion about this post