मेरठ। मेरठ के गढ़ रोड स्थित न्यूट्रिमा अस्पताल में वजन घटाने की सर्जरी एक महिला की मौत का कारण बन गई। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला के शरीर में संक्रमण फैल गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान रजनी गुप्ता (उम्र 45 वर्ष) पत्नी ब्रजमोहन गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और डॉक्टर की लापरवाही को मौत का कारण बताया।
सदर बाजार निवासी ब्रजमोहन गुप्ता का टेंट का कारोबार है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रजनी गुप्ता और बेटी दोनों का वजन अधिक था। इसके चलते न्यूटिमा अस्पताल में डॉक्टर ने सर्जरी का सुझाव दिया। डॉक्टर ने दावा किया था कि यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है और वजन कम हो जाएगा। ऑपरेशन की कुल फीस 3.50 लाख रुपये तय हुई।
11 जुलाई को रजनी गुप्ता को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया और उसी दिन ऑपरेशन कर दिया गया। ऑपरेशन के तुरंत बाद से ही रजनी पेट दर्द की शिकायत करती रहीं, लेकिन परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने इस पर कोई गंभीर ध्यान नहीं दिया। 13 जुलाई को उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई और उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने खुद यह स्वीकार किया कि ऑपरेशन के दौरान आंत सही ढंग से नहीं जुड़ सकी, जिससे आंतरिक रक्तस्राव हुआ और संक्रमण फैल गया। मंगलवार शाम करीब 7 बजे रजनी की मौत हो गई। इस पर परिजन और रिश्तेदारों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर मेडिकल थाना प्रभारी शीलेश यादव और सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ब्रजमोहन गुप्ता ने अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ मेडिकल थाने में तहरीर दी है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post