मेरठ। कांवड़ यात्रा शुरू होने के बावजूद कांवड़ मार्गों पर वाहन दौड़ रहे हैं। राजस्थान के अलवर जिले के चंदौली थाना क्षेत्र के देहरा गांव निवासी कांवड़िया लेखराम (45) को सरधना थाना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग पर नानू पुल के पास पिकअप वाहन ने कुचल दिया। हादसा मंगलार सुबह हुआ और मेडिकल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। वहीं, एनएच-58 पर दो सड़क हादसों में तीन कांवड़िये घायल हो गए।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा के मुताबिक, लेखराम अपने छह साथियों के साथ शुक्रवार को कांवड़ लेकर अलवर जा रहे थे। मंगलवार सुबह अपने साथी सुनील के साथ कुछ दूरी ही चला था। जबकि उसके चार साथी पीछे चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। सुनील ने एंबुलेंस की मदद से घायल कांवड़िये लेखराम को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। कांवड़िये की मौत से प्रशासन में हडकंप मच गया।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटना के बाद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा की जायजा लिया। लापरवाही को लेकर उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जमकर पटकार लगाई। पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। एसपी देहात ने बताया कि पुलिस ने अपनी ओर से मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर भाग गया। कांवड़ पटरी मार्ग पर लगे सीसीटीवी की मदद से पिकअप और चालक की तलाश की जा रही है। गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर हर तरह के वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है।











Discussion about this post