मुजफ्फरनगर। पारिवारिक झगड़े का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक पति पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने, फरार होने और दूसरी महिला से शादी करने की तैयारी करने का आरोप है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने अपने पति और ससुराल वालों पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। इस बीच, मकान मालिक ने भी पीड़िता को परेशान करना शुरू कर दिया है, क्योंकि पति किराया नहीं दे रहा है, जिससे वह अपने बच्चे के साथ बेघर हो गई है।
जानसठ के बुद्ध बाजार में रहने वाले वीर सिंह की बेटी काजल ने खालापार थाने में अपने पति अनुज बेटे मोहर सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। अपनी शिकायत में काजल ने बताया कि वह अपने पति अनुज और बच्चे के साथ खादरवाला इलाके में किराए के मकान में रहती थी। 7 जुलाई 2025 को सुबह करीब 10 बजे किसी बात पर कहासुनी के बाद उसके पति अनुज ने उसके साथ मारपीट की और घर से चला गया।
पति का कोई पता न चलने पर काजल ने 9 जुलाई को खालापार थाने में उसकी गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में उसे पता चला कि अनुज अपने माता-पिता के साथ रह रहा है। काजल का आरोप है कि पति अनुज जानबूझकर मारपीट करके घर से गया है और यह सब उसके परिवारजनों की मिलीभगत से हो रहा है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसका पति दूसरी शादी करने और दहेज लेने की नीयत से घर से भागा है। उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर रखा है। काजल ने बताया कि अनुज ने पिछले दो महीने से मकान का किराया भी नहीं दिया है, जिसके चलते मकान मालिक ने उसे घर में घुसने से भी रोक दिया है। इस कारण काजल और उसके बच्चे के पास फिलहाल रहने का कोई ठिकाना नहीं है।
काजल ने पति अनुज, सास ओमवती, ससुर मोहर सिंह, देवर अक्षय और अमित, तथा ननद (जो प्रेमपुरी वार्ड सदस्य योगेश मित्तल वाली गली में रहते हैं) पर मिलकर उसके खिलाफ बड़ी साजिश रचने का आरोप लगाया है। उसने अपनी और बच्चे की जानमाल को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
यह तहरीर 19 जुलाई को महिला थाने में दी गई थी, जहां पुलिस टीम ने दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके बाद महिला थाने ने यह तहरीर खालापार थाने को भेज दी, जहां पुलिस ने पति अनुज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएचओ महावीर सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










Discussion about this post