मुजफ्फरनगर। खतौली नगर पालिका चेयरमैन हाजी शाहनवाज लालू ने शुक्रवार को चीनी मिल प्रबंध तंत्र के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई कराने की चेतावनी दी है। यह चेतावनी मिल के गन्ना ढुलाई में लगे एक ट्रक द्वारा टेंपो चालक को कुचलकर मार डालने की हृदय विदारक घटना के बाद दी गई है। चेयरमैन ने मिल प्रशासन पर पिछले दो वर्षों से उनकी चेतावनियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है, जिसके कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं।
दो साल से अनसुनी हो रही मांगें-
चेयरमैन हाजी शाहनवाज लालू पिछले दो वर्षों से लगातार चीनी मिल प्रबंध तंत्र को पत्र लिखकर पेराई सत्र के दौरान व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे थे। उनकी प्रमुख मांगें थीं कि गन्ने की ढुलाई में लगे वाहनों का संचालन कस्बे के अंदर से न होकर निर्धारित मार्गों से कराया जाए और ओवरलोडिंग पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मिल प्रशासन ने हर बार इन मांगों को अनसुना कर दिया।
लापरवाही से बिगड़ी कानून व्यवस्था और हादसे-
चेयरमैन लालू ने जोर देकर कहा कि ओवरलोड गन्ने से भरे वाहनों के कारण न केवल कानून व्यवस्था बिगड़ने का अंदेशा रहता है, बल्कि पालिका की संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि पहले भी ऐसे हादसों में कई लोग जान गंवा चुके हैं।
शुक्रवार को हुई घटना से व्यथित होकर, चेयरमैन ने अब जनहित में सख्त रुख अपना लिया है। उन्होंने चीनी मिल प्रबंध तंत्र की घोर लापरवाही के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही कराए जाने की स्पष्ट चेतावनी दी है, ताकि भविष्य में इस प्रकार के जानलेवा हादसों को रोका जा सके।










Discussion about this post