मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे अपराधियों पर देर रात तितावी पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा। तितावी थाना क्षेत्र में हुई एक पुलिस मुठभेड़ में ₹15,000 का इनामी बदमाश अनुराज दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई मुठभेड़?
पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य बंसल ने बताया कि 4 दिसंबर की रात को तितावी पुलिस टीम गश्त पर थी। तिर्पड़ी कट से बघरा जाने वाले रास्ते पर एक स्कॉर्पियो और एक बिना नंबर की आई-20 गाड़ी संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिलीं।
जैसे ही पुलिस टीम गाड़ियों के करीब पहुंची, बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
इनामी बदमाश घायल, दो अन्य गिरफ्तार-
पुलिस की जवाबी फायरिंग में अनुराज पुत्र स्व. अनिल कुमार (निवासी दतियाना, थाना छपार) दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। अनुराज तितावी थाने से ₹15,000 का इनामी बदमाश है।
मौके से भागे हुए अन्य दो अभियुक्तों—पारस सहरावत उर्फ मालू (निवासी जड़ौदा, थाना मंसूरपुर) और निखिल (निवासी मखियाली, थाना नई मंडी)—को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों भी हाल ही की फायरिंग की घटनाओं में वांछित थे। घायल बदमाश अनुराज को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हथियार और गाड़ियाँ बरामद-
पुलिस ने गिरफ्तार/घायल बदमाशों के कब्जे से हथियार, कारतूस और दो संदिग्ध गाड़ियाँ (एक स्कॉर्पियो और एक आई-20) बरामद की हैं। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक रोहित कुमार, विकास कुमार, अभिषेक गुप्ता, हेड कांस्टेबल अनीस खान, गौरव राणा और नवीन सहित पुलिस टीम शामिल रही।










Discussion about this post