बड़ौत। बागपत में शराब माफिया प्रवीण उर्फ बब्बू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी कुख्यात अपराधी ज्ञानेंद्र ढाका को रिमांड पर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और खरपाली बरामद कर ली गई है।
घटना 29 अक्टूबर 2024 को ढिकौली गांव में हुई थी। चांदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर और शराब माफिया प्रवीण उर्फ बब्बू पूर्व प्रधान जयकुमार के मकान पर खाना खा रहा था। वहां ज्ञानेंद्र और कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई।
एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, ज्ञानेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले प्रवीण पर बलकटी से हमला किया। फिर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हमले में 50 से ज्यादा राउंड फायर किए गए। इससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। प्रवीण को कई गोलियां लगीं और उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद ज्ञानेंद्र अपने साथियों के साथ हथियार लहराते हुए फरार हो गया था। एसपी अर्पित विजयवर्गीय और एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह कई थानों की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया है कि कुख्यात ज्ञानेंद्र ढाका पर बागपत जिले के विभिन्न थानों में 35 आपराधिक मामले दर्ज हैं।











Discussion about this post