बिजनौर। गांव भोजपुर में पतंग उड़ा रहे नौवीं कक्षा के छात्र को पिता ने डांट दिया तो उसने फंदे पर लटककर जान दे दी। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बिना पुलिस को सूचना दिए बालावाली घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जितेंद्र उर्फ काका का पुत्र कन्हैया (15) सत्यवती मेमोरियल स्कूल किरतपुर में कक्षा नौ का छात्र था। उसका बृहस्पतिवार को परीक्षा परिणाम आना था। बुधवार की शाम वह पतंग उड़ा रहा था। पिता ने उसे डांट दिया। बताया गया कि कन्हैया शाम लगभग सात बजे अपने घर की ऊपरी मंजिल पर गया और वहां बरामदे में लगे छत के कुंदे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
काफी देर बाद उनकी बतीशा बनाने की फैक्टरी से एक मजदूर घर आया। उसने ऊपर की मंजिल पर जाकर देखा तो कन्हैया फंदे से लटका हुआ था। उसकी मौत हो चुकी थी। कन्हैया की एक बड़ी बहन है। वह नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। बृहस्पतिवार को घोषित हुए परीक्षा परिणाम में कन्हैया पास भी हो गया। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बड़ी बहन और अन्य परिजनाें का रोते हुए बुरा हाल हो रहा था।











Discussion about this post