शामली। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे थानाभवन के अस्पताल कॉलोनी निवासी अंकित (25) पुत्र महक सिंह बाइक से जलालाबाद आ रहा था। रोडवेज बस स्टैंड के पास एक होटल के बाहर खड़े ट्रक से बचकर जैसे ही वह मुख्य लेन पर आया, पीछे से आ रहे अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद अंकित डिवाइडर से टकराकर सड़क पर गिर पड़ा और अज्ञात वाहन का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक तेजी से फरार हो गया।
इस घटना के बाद हाईवे पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पूरी तरह से जाम हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाकर गंभीर रूप से घायल युवक को थानाभवन सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि युवक के शरीर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, हालांकि उसकी धड़कन चल रही थी। परिवार ने जीवन की आस में उसे हायर सेंटर ले जाने का फैसला किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने भीड़ को हटाकर हाईवे पर यातायात को बहाल कराया और सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मृतक अंकित सब्जी मंडी में मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया है। पीछे उसकी पत्नी और एक छोटा बच्चा है।











Discussion about this post