शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के अजंता चौक के पास मंगलवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटने पर एक बाइक सवार युवक द्वारा ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी करता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, अजंता चौक के पास एक ट्रक के पलटने के कारण यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए पुलिस वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाल रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक बिना हेलमेट के और फोन पर बात करते हुए वहां से गुजर रहा था। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने यातायात नियमों का उल्लंघन देखते हुए युवक की बाइक का फोटो खींचकर चालान काट दिया।
चालान कटने से नाराज युवक वापस लौटा और बीच सड़क पर पुलिसकर्मी के साथ जोरदार बहस और दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक में पुलिस का कोई भय नहीं था। इसके बावजूद, ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने धैर्य बनाए रखा और बार-बार युवक को उसकी गलती समझाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत किया, जिसके बाद युवक वहां से चला गया।
वायरल वीडियो ने इस घटना को सुर्खियों में ला दिया है, जिसमें युवक की पुलिस के प्रति बेपरवाह रवैया स्पष्ट है। यह घटना तब हुई जब उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की पुलिस बड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जानी जाती है। इस मामले ने स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।











Discussion about this post