मुज़फ़्फ़रनगर : मुजफ्फरनगर में बीती रात एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के नावल्टी चौक पर बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुआ झगड़ा मारपीट और खूनी हमले तक पहुंच गया। इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुआ है, जिसमें लहूलुहान हालत में एक युवक और हमलावरों के बीच संघर्ष देखा जा सकता है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और शांति भंग के आरोप में उसका चालान किया।
मुजफ्फरनगर के नावल्टी चौक पर बीती रात दो बाइकों की टक्कर के बाद विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने अपने हाथ में पहने कड़े से दूसरे युवक पर हमला कर दिया। हमलावर ने पीड़ित के सिर और गले पर कड़े से वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
खून से लथपथ होने के बावजूद पीड़ित युवक ने हार नहीं मानी। उसने हमलावर को मजबूती से पकड़ लिया और उसे सबक सिखाने की कोशिश की। इस दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और कई लोगों ने इस खूनी संघर्ष का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लहूलुहान युवक हमलावर को पकड़े हुए है, जबकि भीड़ केवल वीडियो बनाने में व्यस्त है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने हमलावर युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का शांति भंग के तहत चालान किया गया है। नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया, “यह मामला आपसी विवाद का है। बाइक टक्कर के बाद बहस मारपीट में बदल गई। हमने आरोपी को हिरासत में लिया और शांति भंग में कार्रवाई की।”











Discussion about this post