मेरठ। जिले के विभिन्न विद्यालयों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), डॉग स्क्वायड, एंटी-सैबोटेज टीम और एलआईयू द्वारा संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। यह निरीक्षण शैक्षणिक संस्थानों में किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की संभावित मौजूदगी की जांच के लिए किया गया।
बम डिस्पोजल स्क्वायड प्रभारी अशोक कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान दीवान पब्लिक स्कूल, डीएवी स्कूल शास्त्री नगर, सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल, एसआरएस ग्लोबल स्कूल, मेरठ सिटी पब्लिक स्कूल और ब्रैंज एडु वर्ल्ड स्कूल सहित कई विद्यालयों में संपन्न हुआ।
टीम ने विद्यालय परिसरों के कक्षाओं, खुले क्षेत्रों, बस पार्किंग, शौचालय और बैग/सामग्री भंडारण स्थानों में सघन तलाशी ली। डॉग स्क्वायड के प्रशिक्षित खोजी कुत्तों ने भी हर जगह गहन जांच की, लेकिन कहीं से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
मेरठ पुलिस ने बताया कि इस तरह की सतर्कता पूर्ण जांच समय-समय पर जारी रखी जाएगी ताकि शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों, उनके अभिभावकों और स्कूल प्रशासन को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण प्रदान किया जा सके।











Discussion about this post