शामली। शामली जिले के जिला अस्पताल से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें ऑपरेशन के नाम पर परिजनों से रिश्वत मांगी गई है। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि स्वास्थ्यकर्मी मरीज के ऑपरेशन के लिए 5000 रुपये की मांग कर रहा है। परिजन यह कहते हुए पैसे दे रहे हैं कि कहीं डॉक्टर ऑपरेशन में कोई गलती न कर दे। यह मामला गांव सोन्टा रसूलपुर के एक परिवार से जुड़ा है, जो इलाज के लिए जिला अस्पताल आया था।
मरीज के परिजनों ने 5000, 2000 और 6000 रुपये तक देने की बात कही है। वीडियो में एक आशा कार्यकर्ता भी नजर आ रही है, जो बता रही है कि झिंझाना अस्पताल में भी मरीज से 11000 रुपये की मांग की गई थी। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन की स्थिति में डर का माहौल बना दिया गया और मजबूरी में उन्हें पैसे देने पड़े।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, लेकिन इस वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। मरीजों के अनुसार, यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि अस्पतालों में यह एक आम चलन बन चुका है।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. किशोर आहूजा ने कहा है कि “एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें ऑपरेशन के नाम पर पैसे लेने की बात सामने आई है। इसकी जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”











Discussion about this post