मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं पर कड़ी निगरानी रख रही नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शिव चौक स्थित कांवड़ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए तीन कर्मचारियों इमरान (जलकल विभाग), अरुण कुमार (कर विभाग) और वसीम अहमद (बीसी, कर विभाग) के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अग्रिम आदेशों तक उनका वेतन रोकने और तीन दिन में जवाब मांगने के निर्देश दिए गए।
मीनाक्षी स्वरूप ने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया और कंट्रोल रूम की तीन पारियों में निर्धारित ड्यूटी की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारी बिना किसी पूर्व अनुमति के लगातार ड्यूटी से नदारद थे, जिससे नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली बाधित हुई।
पालिकाध्यक्ष ने नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि “कांवड़ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने विशेष रूप से वसीम अहमद द्वारा विभागीय व्हाट्सऐप ग्रुप पर 11 जुलाई को एक दिन के आकस्मिक अवकाश की सूचना भेजे जाने को अनुशासनहीनता मानते हुए चेतावनी जारी की।
निरीक्षण के दौरान पालिका सभासदों और अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह भी मौजूद रहीं। मीनाक्षी स्वरूप ने शिव चौक पर खोया-पाया केंद्र, कंट्रोल रूम और सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और कांवड़ शिविरों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सेवा व सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वहां शिवभक्तों के लिए स्वच्छता का संदेश देते हुए सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन भी किया।
पालिकाध्यक्ष ने अंत में स्पष्ट किया कि सभी संबंधितों को पहले ही अवकाश निरस्त किए जाने की सूचना दी गई थी। अब लापरवाही करने वालों को न केवल जवाब देना होगा, बल्कि अनुशासनात्मक कार्रवाई भी झेलनी पड़ेगी।










Discussion about this post