मुजफ्फरनगर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 48 (उत्तरी लद्दावाला) में लगातार बिजली समस्या को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड पार्षद शौकत अंसारी क्षेत्रवासियों के साथ मिमलाना रोड स्थित बिजलीघर पहुंचे और अवर अभियंता (JE) का घेराव किया।
शौकत अंसारी ने आरोप लगाया कि रातभर बिजली बाधित रही, जिसकी बार-बार फोन पर शिकायत की गई, मगर विद्युत विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। “पूरी रात क्षेत्र के लोग गर्मी में बिना पंखा-कूलर के सोने को मजबूर रहे, जबकि विभाग के कर्मचारियों ने फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझा”, उन्होंने कहा।
गुरुवार को सैकड़ों लोगों के साथ बिजली घर पहुंचे सभासद अंसारी ने जेई को घेरते हुए तीखे सवाल दागे। उन्होंने कहा, “सरकार ने आपको नौकरी जनता की सेवा के लिए दी है, न कि तानाशाही के लिए। यदि जनता की ही सुनवाई नहीं होगी तो फिर इस पद का कोई औचित्य नहीं बचता।”
जूनियर इंजीनियर ने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायत की पुनरावृत्ति नहीं होगी और क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद शौकत अंसारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि “यदि आगे भी इसी तरह की लापरवाही जारी रही तो हम बिजली घर के सामने धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।”
स्थानीय जनता ने सभासद के साथ मिलकर चेतावनी दी कि यदि विभाग ने समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए तो आगे और कड़े कदम उठाए जाएंगे।










Discussion about this post