मीरापुर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने शनिवार को दिल्ली-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक देवाल पहुंचने की खबर मिलते ही निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि संतोष कुमार यादव मुजफ्फरनगर के पूर्व जिलाधिकारी भी रह चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों और अधिकारियों ने फूल मालाओं से चेयरमैन का भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने गंगा पर निर्माणाधीन पुल और मुझेडा टोल प्लाजा का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति और सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की और निर्माण कार्य में लगे अधिकारियों से आवश्यक जानकारियां लीं।
चेयरमैन ने निर्माण कंपनी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं हो और सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। संतोष कुमार यादव ने इस मार्ग को पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय नागरिकों को सुविधाजनक और तेज़ यातायात की सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी, परियोजना प्रबंधक व अभियंताओं सहित अंकुर भाटी, अली जामिन जैदी, परमजीत विदूडी, अरुण कुमार, रमनप्रीत सिंह, चौधरी धनवीर सिंह आदि लोग भी मौजूद रहे।










Discussion about this post