मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना पुलिस ने बहन की निर्मम हत्या के मामले में फरार आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले पुलिस ने उसके पिता और चचेरे भाई को भी साक्ष्य छिपाने के आरोप में जेल भेजा था। यह हत्या पारिवारिक विवाद के दौरान हुई थी जिसमें आरोपी ने शराब के नशे में अपनी बहन की हत्या कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, 14 जून को बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव उकावली निवासी अर्जुन ने अपनी 20 वर्षीय सगी बहन लाली उर्फ विधि की हत्या कर दी थी। उस दिन अर्जुन ने शराब पी रखी थी और भोजन के साथ पानी मांगा था। बहन विधि ने शराब पीने पर आपत्ति जताई और भोजन व पानी देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि अर्जुन ने घर में रखे फावड़े से उसकी हत्या कर दी। सिर पर वार लगने से विधि की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को छुपाने के लिए परिजनों ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। लेकिन पुलिस को सूचना मिलते ही रात में ही घटनास्थल पर पहुंचकर चिता से शव के अवशेष और वारदात में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया गया।
बुधवार को पुलिस ने फरार अर्जुन पुत्र कृष्णपाल को चन्धेडी बिजली घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। वहीं, इससे पहले पुलिस ने उसके पिता कृष्णपाल और चचेरे भाई सौरभ को साक्ष्य मिटाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।










Discussion about this post