मेरठ। उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मेरठ के रैपिड स्टेशन के पास एक सिपाही के पास से सेना की एके-47 राइफल के 70 कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार सिपाही मेरठ के नगली आजाद का रहने वाला है और फिलहाल कश्मीर में तैनात है। वह अवकाश पर अपने गांव आया हुआ था। सूत्रों के अनुसार, जवान इन कारतूसों को अवैध रूप से बेचने की फिराक में था, तभी एटीएस ने उसे धर दबोचा। इस मामले में पल्लवपुरम थाने में जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एटीएस के सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार भाटी ने दर्ज एफआईआर में बताया कि उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार में अवैध एके-47 कारतूस लेकर बेचने जा रहा है। इस सूचना पर एटीएस की टीम तुरंत हरकत में आई और मोदीपुरम चौकी पहुंची, जहां चौकी प्रभारी के साथ मिलकर चेकिंग शुरू की गई।
रैपिड स्टेशन के पास पुलिस और एटीएस ने एक कार को रोका। कार चला रहे व्यक्ति ने गले में सेना का आईडी कार्ड पहना हुआ था। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल बताया और खुद को नगली आजड़ का निवासी बताया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से एके-47 के 70 कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने कारतूस, कार और जवान को हिरासत में लेकर पल्लवपुरम थाने पहुंचाया, जहां अमित कुमार भाटी ने मुकदमा दर्ज कराया।
पल्लवपुरम पुलिस ने बरामद कारतूस और कार को कब्जे में ले लिया है। जवान के खिलाफ अवैध हथियारों की तस्करी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और एटीएस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि जवान इन कारतूसों को कहां से लाया और उन्हें बेचने का उसका मकसद क्या था।











Discussion about this post