मुजफ्फरनगर। छोटू राम डिग्री कॉलेज में बुधवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य का घेराव कर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप था कि उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षाओं में जानबूझकर कम अंक दिए गए हैं, जिससे कई को बैक लग गई है। यही नहीं, एक शिक्षक द्वारा गाली-गलौच और अभद्र व्यवहार की भी शिकायत सामने आई।
छात्रों का नेतृत्व कर रहे रालोद छात्र संगठन के सार्थक लाटियान, अभय अहलावत और आयुष जावला ने बताया कि कॉलेज में छात्रों के साथ शैक्षणिक और व्यवहारिक भेदभाव किया जा रहा है। कई मेहनती छात्रों को जानबूझकर प्रैक्टिकल में फेल किया गया है जबकि उनकी उपस्थिति और कार्य संतोषजनक रहा। उन्होंने एक शिक्षक की भाषा और रवैये को भी छात्रों के प्रति अपमानजनक बताया और कहा कि इसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
घटनास्थल पर बढ़ते तनाव को देखते हुए कॉलेज प्राचार्य ने सभी छात्रों से संवाद किया और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रैक्टिकल में कम अंक पाने वाले छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं दोबारा जांची जाएंगी और यदि त्रुटि पाई गई तो उन्हें पास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिक्षक द्वारा दुर्व्यवहार की स्थिति में जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घेराव में सार्थक लाटियान, अभय अहलावत, आयुष जावला के साथ समीर, नमन त्यागी, सुहैल, वंश, रोशन, अदनान सहित कई छात्र शामिल रहे। सभी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।










Discussion about this post