मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की ओर से अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह के निर्देशन में भगत सिंह रोड पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर पालिका टीम ने दुकानदारों से सरकार की मंशा के अनुरूप प्लास्टिक के गिलास, चम्मच, थर्माकोल के बर्तन और सिंगल यूज पॉलीथिन बैग का प्रयोग न करने की अपील की।
जैसे ही नगर पालिका की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची, क्षेत्र के कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया। पन्नी और डिस्पोजल क्रोकरी बेचने वाले कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। हालांकि टीम ने तीन दुकानों की तलाशी लेकर करीब तीन किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की और बंसल ट्रेडर्स, राहुल कुमार व नरेंद्र कुमार नामक दुकानदारों पर कुल तीन हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।
इस कार्रवाई में मुख्य सफाई निरीक्षक योगेश कुमार, सफाई निरीक्षक वैशाली सोती, राजस्व निरीक्षक अमित व पारुल यादव, स्वच्छ भारत मिशन के मनीष, शोभित, आईटीसी मिशन के दीपक सैनी और कर विभाग से वाजिद उपस्थित रहे। नगर पालिका ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्यावरण के हित में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










Discussion about this post