मुजफ्फरनगर। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर पटेल नगर स्थित जैन कन्या इंटर कॉलेज में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने ‘एक राष्ट्र, एक विधान, एक निशान’ के सिद्धांत को अपने जीवन की अंतिम सांस तक जिया और यह सिखाया कि जब देश की बात हो, तब कोई भी बलिदान बड़ा या छोटा नहीं होता।
चेयरपर्सन ने वृक्षारोपण को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ते हुए कहा कि एक वृक्ष लगाना न केवल पर्यावरणीय जिम्मेदारी है, बल्कि यह भावी पीढ़ियों के लिए जीवन का बीज बोने जैसा है। उन्होंने कहा कि यह प्रकृति की पूजा और धरती माता के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का श्रेष्ठ माध्यम है।
कार्यक्रम में नगर पालिका के युवा भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद मनोज वर्मा, हनी पाल, पूर्व सभासद बबीता सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण किया और ‘एक वृक्ष-अनेक लाभ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।










Discussion about this post