मीरापुर। मीरापुर कस्बे में 26 वर्षीय मोनू उर्फ हवा की दर्दनाक मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को पीड़ित परिवार के साथ बड़ी संख्या में लोग मीरापुर थाने पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मोहल्ला पछाला निवासी कृपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा मोनू किराए पर कार चलाता था। 16 जून को मोहल्ले का ही अंकित पुत्र हरपाल और पड़ाव चौक निवासी प्रिंस पुत्र अमरपाल हरिद्वार मॉल में घूमने के बहाने मोनू की कार बुक कर ले गए। लेकिन वहां पहुंचकर दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मोनू के साथ बेरहमी से मारपीट की और धारदार हथियार से उसका बायां हाथ काट डाला।
परिजनों को इस अमानवीय घटना की जानकारी 17 जून को दोपहर में मिली। वे तुरंत ऋषिकेश के अस्पताल पहुंचे, जहां मोनू को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 22 जून को मोनू को मेडिकल कॉलेज मेरठ रेफर किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद वह बच नहीं सका और उसकी मौत हो गई।
मोनू की मौत की सूचना मिलते ही सोमवार को परिजन और सैकड़ों स्थानीय लोग मीरापुर थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया और गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष बबलू कुमार वर्मा का कहना है कि मामला अब उनके संज्ञान में आया है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर प्राप्त हो चुकी है और पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने भारी भीड़ को शांत करने की कोशिशें तेज कर दी हैं, लेकिन युवक की निर्मम हत्या से इलाके में गहरा शोक और जबरदस्त आक्रोश फैला हुआ है।










Discussion about this post