मुजफ्फरनगर। छपार थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए टोल प्लाजा के डिप्टी मैनेजर अरविंद पांडेय की हत्या के मामले में दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी एक पुलिस मुठभेड़ के बाद की गई, जिसमें एक आरोपी को गोली लगने से घायल अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल, अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि छपार स्थित टोल प्लाजा पर ड्यूटी को लेकर टोल कर्मचारियों और डिप्टी मैनेजर अरविंद पांडेय के बीच विवाद हुआ था। 18/19 सितंबर की रात करीब 1.30 बजे टोलकर्मियों ने अरविंद को उनके कमरे से उठाकर गाड़ी में बैठा लिया और उनके साथ मारपीट की। टोल मैनेजर मुकेश चौहान के साथ भी मारपीट की गई थी। इस घटना के बाद छपार थाने में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
19 सितंबर की शाम को थाना जानी क्षेत्र में एक शव मिलने की सूचना मिली, जिसकी पहचान अरविंद पांडेय के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दीं।
23 सितंबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो आरोपी रोहाना से छपार की ओर आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने छपार-रोहाना मार्ग पर महरायपुर कट के पास चेकिंग शुरू कर दी। जब आरोपियों की मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी शिवम उर्फ शिव मलिक (निवासी मोहम्मदपुर रायसिंह, थाना भोराकलां) के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसका दूसरा साथी वीशू उर्फ विस्तार चौधरी (निवासी मोहम्मदपुर रायसिंह, थाना भोराकलां) को जंगल में घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों से एक बिना नंबर की प्लेटिना मोटरसाइकिल, दो तमंचे, दो जिंदा और दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। इस सफल ऑपरेशन को छपार थानाध्यक्ष मोहित कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक दीपक कुमार, पवन कुमार, तपन जयंत, राहुल कुमार और राजकुमार, तथा कांस्टेबल सुमित कुमार, कैलाश कुमार और सोहनवीर ने अंजाम दिया।










Discussion about this post