मुजफ्फरनगर। भोपा थानाक्षेत्र के निरगाजनी गंग नहर झाल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रहमतपुर गांव के पूर्व प्रधान संतरपाल की 35 वर्षीय पुत्रवधू मोनिका ने गंग नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद से पूरे गांव और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पीएसी की बचाव टीम मोटर बोट की मदद से नहर में महिला की तलाश कर रही है।
बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह मोनिका अपनी नौ साल की बेटी जिया के साथ दवाई लेने के लिए घर से निकली थी। परिजनों के अनुसार, वे बस से सीकरी चौकी के पास निरगाजनी झाल पर पहुंचीं। वहाँ अज्ञात कारणों से मोनिका ने गंग नहर में छलांग लगा दी। यह सब देखकर उसकी बेटी जिया रोते-बिलखते घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और मोनिका की तलाश शुरू कर दी। पहले दो गोताखोरों की मदद ली गई, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीएसी बचाव दल को बुलाया गया जो अब भी तलाश में जुटा है।
घटना के बाद मोनिका के पति बालेंद्र, ससुर संतरपाल (पूर्व प्रधान), सास सुशीला, और उनके बच्चों जिया, पारुल व आरव का रो-रोकर बुरा हाल है। मोनिका के परिजनों, जिसमें उनके पिता सुक्के, माता राकेश और भाई मोहित शामिल हैं, ने ससुराल पक्ष पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए हंगामा किया।
मोनिका की शादी लगभग 15 साल पहले बालेंद्र उर्फ कन्हैया से हुई थी, जो गांव में एक प्रसिद्ध हलवाई की दुकान चलाते हैं। परिजनों ने बताया कि मोनिका लंबे समय से बीमार थीं और इसी वजह से दवाई लेने के लिए मुजफ्फरनगर जाती थीं। उनके इस घातक कदम से हर कोई हैरान है।










Discussion about this post