मेरठ। बुधवार देर रात कैंट स्थित होटल 22बी में जन्मदिन मनाने आए युवकों के दो गुटों में मामूली कहासुनी को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों गुटों ने होटल में तोड़फोड़ की। सुरक्षाकर्मियों के साथ भी मारपीट कर दी गई। इस दौरान एक पक्ष के पुनीत आहूजा ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं मिली। होटल मैनेजर की सूचना पर लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची और 24 युवकों को पकड़कर थाने ले गई।
होटल के मैनेजर विष्णु कुमार यादव की ओर से दी गई तहरीर पर हत्या के प्रयास, मारपीट, तोड़फोड़ आदि धाराओं में पुनीत आहूजा, अवि बजाज, दमनजीत सिंह, वंश अरोरा को नामजद कर और 20 अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने चार नामजद समेत 24 पर जानलेवा हमले आदि की धारा में केस दर्ज किया है।
गोली चलाने वाले आरोपी पुनीत आहूजा को अवैध पिस्टल समेत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। दोनों पक्षों के 12 आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया व अन्य को पूछताछ कर छोड़ दिया।
कैंट में हजारी की प्याऊ के पास स्थित होटल 22 बी के जीएम विष्णु कुमार यादव के अनुसार बुधवार दोपहर को वेस्टन कचहरी रोड निवासी दमनजीत सिंह ने अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी के लिए बुकिंग कराई थी। दमनजीत सिंह और उसके करीब 17-18 दोस्त शाम सात बजे जन्मदिन की पार्टी के लिए होटल पहुंच गए।
शाम को प्रहलादनगर निवासी अवि बजाज ने भी अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी के लिए बुकिंग कराई भी। अवि बजाज और उसके छह दोस्त रात नौ बजे जन्मदिन मनाने होटल पहुंचे थे। दोनों पक्षों ने अपने-अपने जन्मदिन की पार्टी मनाई।
देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे जब पार्टी खत्म हो गई, तो सब घर जाने लगे। ऊपर से नीचे आते समय रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के युवकों में कहासुनी हो गई। इसी बात को लेकर मारपीट हो गई। युवकों ने एक दूसरे पर कुर्सी उठाकर फेंकनी शुरू कर दी। होटल के सुरक्षाकर्मी आए तो युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की। बताया गया है कि हमलावरों ने शराब भी पी रखी थी।
मारपीट के दौरान अवि बजाज के दोस्त पुनीत आहूजा ने अवैध पिस्टल से फायरिंग कर दी। फायरिंग उसने दमनजीत सिंह के दोस्त आनंद निकेतन पल्लवपुरम निवासी वंश अरोरा पर की। वंश गोली लगने से बाल-बाल बचा। फायरिंग होने पर होटल में अफरातफरी और भगदड़ मच गई।
लालकुर्ती पुलिस ने फायरिंग करने वाले पुनीत अहूजा को गिरफ्तार कर अवैध पिस्टल बरामद की। पकड़े गए युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। कई घंटे तक वहां हंगामा की स्थिति रही। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि फायरिंग करने वाले प्रहलादनगर लिसाड़ी गेट निवासी पुनीत आहूजा को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। वंश, दमनजीत सिंह, अवि बजाज को नोटिस तामील कराए गए हैं।











Discussion about this post