लखनऊ। लंदन से दिल्ली जा रहे वर्जिन अटलांटिक एयरलाइंस के विमान को ईंधन की कमी के कारण लखनऊ हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। विमान में 300 यात्री सवार थे। मामला बीते बृहस्पतिवार का है। वर्जिन अटलांटिक एयरलाइन की उड़ान संख्या वीएस 302 सुबह करीब साढ़े दस बजे लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से रवाना होती है। विमान दस घंटे से अधिक का सफर कर रात में दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचता है।
गत दिवस विमान लंदन से तय समय पर रवाना हुआ लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले विमान में ईंधन कम हो गया। ऐसे में पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोलर एटीसी को सूचना दी और ईंधन की स्थिति स्पष्ट की। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग रात एक बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर कराने की अनुमति दी गई।
इधर लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना पर सुरक्षाबलों और एम्बुलेंस आदि को मुस्तैद कर दिया गया। विमान के पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए सावधानी से विमान की लैंडिंग करवाई। विमान के सकुशल लैंड होने पर यात्रियों की जान में जान आई।
लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान को टैक्सीवे पर ले गया गया। विमान में ईंधन भरा गया, जिसके बाद फ्लाइट वापस दिल्ली रवाना हो गई। इस दौरान यात्री विमान में ही बैठे रहे।
विमान में सवार यात्रियों को जब दिल्ली की जगह लखनऊ में लैंडिंग की सूचना मिली तो वे घबरा गए। पूछने पर उन्हें बताया गया कि ईंधन कम होने से डायवर्ट किया जा रहा है। इससे यात्री घबरा गए। अहमदाबाद में हुए हादसे के बाद विमान यात्रियों में स्वाभाविक डर पैदा हो गया है लेकिन लखनऊ में लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।










Discussion about this post