मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर ज़िले में शुक्रवार को हिंदू संगठनों ने जनसंख्या नियंत्रण क़ानून की मांग को लेकर ज़िलाधिकारी कार्यालय के बाहर ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय हिंदू मोर्चा और जनसंख्या समाधान फ़ाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से किया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ नारेबाजी करती हुई जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में भाग ले रहे कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि जनसंख्या नियंत्रण को लेकर तत्काल सख्त कानून लागू किया जाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के ज़िला अध्यक्ष नरेंद्र पवार ने कहा कि “देश में मुस्लिम समुदाय की जनसंख्या तेज़ी से बढ़ रही है, जबकि हिंदू समुदाय के लोग धीरे-धीरे अल्पसंख्यक की ओर बढ़ रहे हैं। अगर अब भी जनसंख्या नियंत्रण कानून नहीं बनाया गया, तो भारत का हाल भी भविष्य में पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसा हो सकता है।”
प्रदर्शनकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि अगर सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाया, तो देश में सामाजिक असंतुलन और सांप्रदायिक तनाव जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। उन्होंने यह आंदोलन हिंदू समाज के भविष्य की रक्षा के लिए ज़रूरी बताया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन सिर्फ एक चेतावनी है और अगर जल्द ही जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू नहीं हुआ तो देशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।










Discussion about this post